एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने एक यात्री का बैग लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। बैग में 2.20 लाख कीमत की विदेशी करेंसी थी। बैग मिलने के बाद यात्री ने सीआईएसएफ कर्मियों की जमकर तारीफ की।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि 21 नवंबर की शाम एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ के जवानों ने एक्सरे मशीन पर एक लावारिस बैग देखा। विस्फोटक की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को जानकारी दी गई। दस्ते की जांच में विस्फोटक जैसी कोई चीज नहीं मिली। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 11 हजार 7 सौ सऊदी रियाल मिले जिसकी कीमत 2.20 लाख रुपये है।
बैग को स्टेशन कंट्रोलर के हवाले कर दिया गया। इसके करीब आधे घंटे के बाद करावल नगर निवासी मनीष नेगी स्टेशन पहुंचा और उसने बताया कि जल्दबाजी में उसका बैग एक्सरे मशीन पर छूट गया था। सीआईएसएफ कर्मियों ने एक्सरे मशीन के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा और औपचारिकता पूरी कर उसे बैग सौंप दिया।