मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ के जवान ने एक यात्री को उसका बैग वापस लौटाया। यात्री का बैग ट्रेन के कोच में छूट गया था। सीआईएसएफ के जवान ने सेक्टर आठ मेट्रो स्टेशन पर सभी कोच की तलाशी लेकर बैग को बरामद किया और पूरे सत्यापन के बाद बैग यात्री को सौंप दिया।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता मंजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात सब इंस्पेक्टर ए के राय की तैनाती जनकपुरी पश्चिम मेट्रो स्टेशन पर थी। रात करीब नौ बजे विकासपुरी के रहने वाले राजकुमार (55) ने सब इंस्पेक्टर को बताया कि वह मेट्रो ट्रेन से जनकपुरी पश्चिम स्टेशन पर उतरे। लेकिन जल्दबाजी में उसका बैग ट्रेन के कोच में ही छूट गया है। ट्रेन द्वारका सेक्टर 21 की ओर जा रही थी।
सब इंस्पेक्टर ने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से आगे आने वाले सभी स्टेशनों को सूचना दी। तब तक ट्रेन द्वारका सेक्टर 8 मेट्रो स्टेशन पहुंच गई थी। एएसआई भीम राम ने स्टेशन पर ट्रेन के सभी कोच की तलाशी ली।
एक कोच में यात्री का बैग लावारिस हालत में मिल गई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2.76 लाख रुपये, 16 चांदी के सिक्के और करीब दो लाख रुपये के दो चेक मिले। सामान मिलने के बाद यात्री को द्वारका सेक्टर आठ स्टेशन पर बुलाया गया। जहां पूरी जांच के बाद उसे बैग सौंप दिया गया।