काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईसीएसई) के 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) के नतीजे सोमवार को जारी किए गए। परीक्षा में कोलकाता की अनन्या मैती ने 99.50 प्रतिशत के साथ देश में पहला स्थान पाया है। वहीं, गुरुग्राम की कीर्तन श्रीकांत ने ऑल इंडिया रैंकिंग में तीन अन्य छात्रों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। कीर्तन श्रीकांत को कुल 99.25% मिले हैं।
कीर्तन श्रीकांत गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा है। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में वह अव्वल रही हैं।
स्कॉटिश हाई इंटरनेशनल स्कूल का शिवांग एनसीआर में 98.75 फीसदी अंक के साथ दूसरे और द श्रीराम स्कूल अरावली की अदिति पसरीचा 98.25 फीसदी अंक के साथ दिल्ली-एनसीआर में तीसरे स्थान पर हैं। जबकि, ह्यूमैनिटिज में यह प्रथम स्थान पर हैं।
दसवीं में द श्रीराम स्कूल का रमन ठंडानी 98 फीसदी अंक के साथ दिल्ली-एनसीआर में तीसरे स्थान पर रहा। बता दें कि सीआईसीएसई द्वारा जारी मेरिट में अंग्रेजी के साथ टॉप-3 विषय को शामिल किया जाता है।
जिन अन्य तीन छात्रों के कीर्थना श्रीकांत जितने ही नंबर आए हैं उनमें देवेश लखोटिया कोलकाता, ऋषिका धरीवाल मुंबई और आयुषी श्रीवास्तव लखनऊ के हैं।
बता दें कि हरियाणा में आईसीएसई का रिजल्ट 99.58 फीसदी और आईएससी का 96.18 फीसदी रिजल्ट रहा। आईसीएसई की इस परीक्षा में 952 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 538 लड़के और 414 लड़कियां थी। इनका रिजल्ट 99.58 फीसदी रहा। जबकि आईएससी में 157 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 111 लड़के और 46 लड़कियां शामिल हुई थी। इनका रिजल्ट 96.18 फीसदी रहा।