राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में समर वेकेशन कार्यक्रम में 854 छात्रों ने कराया पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली । राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) ने समर वेकेशन कार्यक्रम के स्लॉट-ए का समापन हो गया। यह कार्यक्रम मिशन लाइफ के तहत मास मोबिलाइजेशन अभियान के अंतर्गत हुआ। इसका उद्देश्य छात्रों को जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छता और सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के लिए दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों के 854 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 54 छात्रों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञ व्याख्यान, चिड़ियाघर भ्रमण, धरोहर यात्रा, फोटोग्राफी कार्यशाला, प्रतियोगिताएं और संवादात्मक कार्यक्रम किए गए।
यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के वैज्ञानिक डॉ. फैयाज खुडसर ने जैव विविधता संरक्षण पर व्याख्यान दिया और पर्यावरणीय चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इसके बाद राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय के वैज्ञानिक डॉ. सीआर माघेश ने मिशन लाइफ और सतत जीवनशैली पर जानकारी दी। वहीं, सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन से सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डॉ. शरद गौर ने नेचर फोटोग्राफी और उसके संरक्षण में योगदान पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने वर्ल्ड टर्टल डे भी मनाया। इसके अलावा ओल्ड फोर्ट में हेरिटेज वॉक का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन छात्रों को औषधीय और उपयोगी पौधों की जानकारी दी गई। समापन अवसर पर चिड़ियाघर के निदेशक डॉ संजीत कुमार ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।