मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री को सीआरपीसी की धारा 160 के तहत कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। इससे पहले उन्हें औपचारिक तौर से पूछताछ में शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया था, मगर वह पूछताछ में शामिल नहीं हुए।नोटिस में कहा गया है कि या तो मुख्यमंत्री पूछताछ के लिए सिविल लाइंस थाने में आएं या फिर वह अपने ऑफिस व आवास पर पूछताछ के लिए समय व जगह दें।
उत्तरी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस की दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ बैठक सोमवार को हो सकती है। उसके बाद ही नोटिस को पुलिस मुख्यालय से आगे भेजने का फैसला लिया जाएगा।
पुलिस पूछताछ के लिए प्रश्नावली तैयार कर रही है। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस बैठक में शामिल आम आदमी पार्टी के सभी 11 विधायकों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें से दो विधायक प्रकाश जरवाल व अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया गया था। बैठक में मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार वीके जैन से पहले ही पूछताछ हो चुकी है।