विधायक प्रवीण कुमार ने बृहस्पतिवार को पूछताछ में शामिल होने के लिए स्वीकृति दे दी है, जबकि अंबेडकर नगर से विधायक अजय दत्त ने कहा है कि वह दिल्ली से बाहर है, अत: वह बृहस्पतिवार को पूछताछ में शामिल नहीं हो सकते। उन्होंने पूछताछ में शामिल होने के लिए कुछ दिन बाद का समय मांगा है।
ये दोनों विधायक भी मुख्यमंत्री आवास में उस बैठक में शामिल थे जिसमें मुख्य सचिव केसाथ मारपीट की गई थी। इन विधायक से दर्जन भर सवाल जैसे कौन-कौन बैठक में थे, कौन कब आया और कब गया, मुख्य सचिव के साथ मारपीट क्यों की गई, मुख्यमंत्री ने मारपीट को क्यों नहीं रोका, जैसे सवाल पूछे जाएंगे।
गौरतलब है कि मुख्य सचिव के साथ मारपीट मामले में आप के दो विधायक जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि और लक्ष्मी नगर से विधायक नितिन त्यागी से पूछताछ हो चुकी है। मारपीट करने वाले दो विधायक अमानतुल्लाह खान व प्रकाश जरवाल जेल में है।
अमर उजाला ने रविवार को इस बात को प्रकाशित किया था कि बैठक में शामिल हुए आप के सभी विधायकों से पूछताछ होगी। पुलिस बाकी विधायकों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाएगी।