एलएनजेपी अस्पताल में नर्स आशा
- फोटो : अमर उजाला
एलएनजेपी अस्पताल की नर्स आशा का कहना है कि उन्हें अभी 14 दिनों तक लगातार ड्यूटी करनी है। हमारी तीन शिफ्ट सुबह, शाम और रात की ड्यूटी है। सुबह और शाम की ड्यूटी 6-6 घंटे की है और रात की ड्यूटी 12 घंटे की है। इस तरह 14 दिन लगातार ड्यूटी करनी है और कोई अवकाश नहीं मिलेगा। इसके बाद 14 दिन क्वारंटीन में रहना है। फिलहाल, जो भी समय मिलता है उसमें फोन या वीडियो कॉल करके परिवार के संपर्क में रहती हूं। अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अपने घर नहीं जा सकती हूं। क्योंकि, परिवार को संक्रमण लगने का खतरा है। दिल्ली सरकार हमारे परिवार की सभी जरूरतों का ख्याल रख रही है। यह सौभाग्य की बात है कि आप घर पर हैं और अपने परिवार को समय दें रहे हैं। आप हमसे पूछिए, महीने भर से हम लोग अपने घर नहीं गए हैं।
भूखे लोगों को खाना खिलाने का फैसला सही
27 वर्षीय सिविल डिफेंस वॉलिंटियर राजेंद्र कालकाजी स्थित दिल्ली सरकार के हंगर रिलीफ सेंटर में सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित कराने का काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि दिल्ली सरकार के सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हंगर रिलीफ केंद्रों में अच्छी तरह से सभी को खाना परोसा जाए। यहां जितने लोग यहां आते हैं, उनमें सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करता हूं। खास बात यह है कि हर व्यक्ति को सुबह-शाम अच्छे तरीके से खाना मिल रहा है। हालांकि, इस बीच हम अपने परिवार को बहुत कम समय दे पा रहे हैं। कभी-कभार जाने पर पूरा एहतियात बरतता हूं।
जितना संभव हो सकता था सीएम ने दीं उतनी सहूलियतें
राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के कॉर्डियक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. अजीत जैन का कहना है कि दो महीने से हम सब अस्पताल में हैं। घर जाना नहीं हो सका है। रात के 2 से 3 बजे तक हम लोग होटल जाते हैं और अगले दिन सुबह 7-8 बजे तक अस्पताल आ जाते हैं। होटल में जाने के बाद भी हम लोग फ्री नहीं होते हैं। वहां पर जाने के बाद भी लगातार फोन आते रहते हैं। मुख्यमंत्री ने हम सभी के साथ बैठक की थी। जब लॉकडाउन था, सब कुछ बंद था और आने-जाने में समस्या हो सकती थी। उन्होंने दिल्ली में जितना संभव हो सकता था, उतना सभी को सहूलियतें दीं।
यह हैं दिल्ली के हीरो
-कम्यूनिटी किचन कूक
-सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स
-प्रिंसिपल और शिक्षक (राशन वितरण)
-पुलिस
-आशा वर्कर्स
-डॉक्टर्स
-नर्स
-बस ड्राइवर्स
-कंडक्टर्स
-मार्शल