मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। 20 नवंबर को दिल्ली सचिवालय में मिर्च फेंकने की घटना के बाद अब मुख्यमंत्री के निवास पर एक मुअज्जिन (मस्जिद का केयर टेकर) कारतूस लेकर पहुंच गया।
हालांकि, गेट में दाखिल होने से पहले तलाशी के दौरान उसके पर्स से .32 बोर का एक कारतूस कर लिया गया। आरोपी की पहचान गांव चिरौली, लोनी निवासी मोहम्मद इमरान (39) के रूप में हुई। उसे सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
उत्तरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार सुबह करीब 11.15 बजे की है। आरोपी इमरान दिल्ली वक्फ बोर्ड के तहत काम करने वाले इमामों के साथ सैलरी बढ़वाने की बात करने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचा था।
गेट पर पहुंचने पर सुरक्षा कर्मियों को तलाशी के दौरान इमरान के पर्स में कुछ संदिग्ध वस्तु दिखी। जांच करने पर .32 बोर का कारतूस बरामद हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह करोल बाग की मस्जिद बावली वाली में मुअज्जिन है।