फरीदाबाद में पानी की समस्या से परेशान एनआईटी-2 डी ब्लॉक और एनआईटी-1 जे ब्लॉक की महिलाओं ने नगर निगम के मुख्य अभियंता और एक्सईएन का घेराव किया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि कहीं बदबूदार पानी मिल रहा है तो कहीं पानी में रेत आ रहा है। महीनों से समस्या बनी हुई है समाधान करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। डी ब्लॉक निवासी पुष्पा रानी, राजेश भाटिया, हरीश कुमार, तिलक कुमार और शिमली का कहना है कि यहां काफी समय से पानी की समस्या बनी हुई है।
ट्यूबबेल लगने के बाद भी रेतीला और गंदा पानी आ रहा है। इस संबंध में कई बार संबंधित एसडीओ और जेई को सूचना दी गई लेकिन समाधान नहीं हुआ। जब पानी का टैंकर भिजवाने को कहा गया तो उसे भी मना कर दिया गया।
लोगों का आरोप है कि पिछले शुक्रवार को निगम अधिकारियों ने टैंकर भिजवाने को कहा था लेकिन अभी तक नहीं भेजा। मुख्य अभियंता ने जल्द समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया है।
वहीं एनआईटी वन-जे ब्लॉक की महिलाओं ने एक्सईएन एसके बंसल का घेराव किया। स्थानीय निवासी गुलबाग, चंचल, डिंपल, चरण सिंह आदि का कहना है कि पीने के पानी में सीवर का पानी मिलकर आ रहा है। पानी में इतनी बदबू आती है कि उससे नहाना भी मुश्किल है।
अब शायद बच्चों को मिल जाए पानी
-घेराव करने आई एक महिला का कहना था कि उनकी शादी के 25 साल बीत गए लेकिन उन्हें आज तक सप्लाई का पानी नसीब नहीं हुआ। अब शायद उनके बच्चों को पानी मिल जाए। लेकिन ऐसा लग नहीं रहा है। इस पर एक्सईएन बंसल ने चुटकी लेते हुए कहा कि आपको उस इलाके में शादी ही नहीं करनी थी।