हिंडन छठ घाट पर नगर निगम की तैयारियों से नाखुश लोगों ने रविवार को निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों का विरोध किया। लोगों ने नगर आयुुक्त को घाट पर झाडू़ लगाने से रोक दिया।
साथ ही अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वह फोटो खिंचवाने के लिए निरीक्षण करने पहुंच जाते हैं। जबकि उनकी तरफ से बेहतर उपाय नहीं किए जाते हैं। पूजा के लिए अभी तक हिंडन में पानी भी नहीं छोड़ा गया है। लोगों को विरोध देखकर नगर आयुक्त लौट गए।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे नगर आयुक्त अब्दुल समद हिंडन घाट का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने घाट पर सफाई के लिए झाडू़ लगानी शुरू की तो वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध कर दिया।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप लगाया कि घाट पर पूजा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए किसी तरह के इंतजाम नगर निगम की तरफ से नहीं किए गए हैं।
कई सप्ताह से घाटों पर व्यवस्था बेहतर करने के लिए मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी अभी तक कदम नहीं उठाया गया है। पूजा के लिए हिंडन में अभी तक साफ पानी भी नहीं छोड़ा गया है।
पानी नहीं होगा तो लोग पूजा कैसे करेंगे। अधिकारी काम करने की बजाए फोटो खिंचवाने के लिए निरीक्षण करने आते हैं, जिसके बाद नगर आयुक्त वहां से लौट गए।
विरोध की सूचना पर रास्ते से लौटे डीएम
गाजियाबाद के डीएम को भी छठ घाट का सर्वे करना था। वह हिंडन घाट पहुंचने वाले थे, लेकिन विरोध की सूचना मिलने के बाद वह घाट पर नहीं आए। प्रशासन की तरफ एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल पहुंचीं।
लोगों ने उनका विरोध किया, लेकिन उन्होंने समझाकर शांत कराया। इसी दौरान एसपी सिटी डा. अजयपाल भी पहुंच गए। लोगों ने घाट पर गंदगी, पानी, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था की शिकायत की है।
एडीएम सिटी ने नगर निगम अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी काम को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। हिंडन नदी में पानी की मांग पर एडीएम सिटी ने कहा कि सिंचाई विभाग से पानी छोडने के लिए कहा गया है। जल्द ही हिंडन नदी में पानी आ जाएगा।