रेस्पिकॉन 2026 : विशेषज्ञों ने फेफड़ों की बीमारियों के बढ़ते जोखिम और आधुनिक जांच व उपचार तकनीकों पर किया मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में सांस और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ती चिंता का विषय बना हुआ है। एक अध्ययन के अनुसार, भारत में वयस्कों में क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) की व्यापकता करीब 13 प्रतिशत है। यानी हर आठवां वयस्क इस बीमारी से प्रभावित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि बीमारी की समय पर पहचान और उचित इलाज से गंभीर जटिलताओं को कम किया जा सकता है।
इसी विषय पर नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन रेस्पिकॉन 2026 में देशभर के विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। सम्मेलन में रेस्पिरेटरी मेडिसिन, इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी और नींद संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अस्थमा, सीओपीडी, टीबी के बाद फेफड़ों में होने वाली समस्याओं, सांस के संक्रमण और वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा हुई।
शुरुआती जांच से बीमारी पर नियंत्रण
विशेषज्ञों ने बताया कि सीओपीडी के मरीज अक्सर लंबे समय तक खांसी, बलगम और सांस फूलने जैसी समस्याओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी का पता देर से चलता है और स्थिति गंभीर हो सकती है। स्पाइरोमेट्री जांच के जरिए फेफड़ों की कार्यक्षमता का आकलन किया जा सकता है। इसलिए लगातार सांस संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेकर समय पर जांच कराना जरूरी है।
आधुनिक तकनीकों से आसान हो रही जांच
सम्मेलन में एंडोब्रोंकियल अल्ट्रासाउंड (ईबीयूएस), क्रायोबायोप्सी और आधुनिक ब्रोंकोस्कोपी जैसी तकनीकों पर भी चर्चा हुई। इनके जरिए फेफड़ों और सांस की नलियों से जुड़ी जटिल समस्याओं की पहचान करने में मदद मिलती है। कुछ मामलों में बड़े ऑपरेशन के बिना भी बीमारी की जांच और उपचार संभव हो पाता है। पल्मोनरी एंड रेस्पिरेटरी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राकेश के चावला ने कहा कि सांस संबंधी बीमारियां लगातार जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में समय पर पहचान, आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल और मरीज की जरूरत के अनुसार उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेस्पिकॉन जैसे सम्मेलन चिकित्सकों को अपने अनुभव साझा करने और चिकित्सा क्षेत्र की नई जानकारियों से रूबरू होने का अवसर प्रदान करते हैं।