गोकलपुरी की घटना, पीड़ित ने बैंक प्रबंधक पर धोखाधड़ी का लगाया आरोप, प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गोकलपुरी के जौहरीपुर इलाके में एक शख्स ने बैंक प्रबंधक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उनके पिता ने दो लाख रुपये का चेक बैंक के ड्रॉप बॉक्स में डाला और पैसे दूसरे के बैंक खाते में चले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित कौशल ने बताया कि उनके पिता प्रेमपाल ने उनके नाम से दो लाख का चेक काटा था। उन्होंने जौहरीपुरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में जाकर चेक ड्रॉप बॉक्स में डाल दिया था। पीड़ित का आरोप है कि पैसे उनके खाते में नहीं आए। पीड़ित ने बैंक जाकर पूछताछ की तो पता चला कि रकम बैंक ऑफ बड़ौदा के खाताधारक नरेन्द्र कुमार के खाते में ट्रांसफर हो गई है। पीड़ित का दावा है कि बैंक प्रबंधक से सीसीटीवी फुटेज दिखाने का कहा लेकिन प्रबंधक ने फुटेज दिखाने से मना कर दिया। बाद में वहां से ड्रॉप बॉक्स भी हटा दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि बैंक प्रबंधक और कर्मचारी इस धोखाधड़ी में शामिल हो सकते है।