दिल्ली दंगों की साजिश के सिलसिले में जल्दी ही छह आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को दिल्ली पुलिस की ओर से दी गई। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली दंगों की साजिश के सिलसिले में 15 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 195 दिनों की जांच और 747 गवाहों से पूछताछ के बाद 21 में से 15 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र बुधवार को दाखिल कर दिया गया। अन्य छह आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और कानूनी तथा संवैधानिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
पुलिस की ओर से बताया गया कि स्पेशल सेल ने बुधवार को दंगों की साजिश के आरोप में 15 आरोपियों के खिलाफ यूएपीए, आईपीसी तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किया है। इसकी जांच में 195 दिन लगे और 747 गवाहों से पूछताछ की गई और इस दौरान 75 इलेक्ट्रानिक डिवाइस जब्त किये गए। यह आरोप पत्र वैज्ञानिक, दस्तावेज तथा बयानों पर आधारित है। इसके 11 खंड तथा 17 से अधिक पन्ने हैं।
दंगों में हुए संपत्ति के नुकसान की भरपाई के लिए दिल्ली सरकार के समक्ष 20 करोड़ से अधिक का दावा पेश किया गया है। इससे दंगों में हुए नुकसान की मात्रा का पता चलता है। इस दौरान 16 हजार पीसीआर कॉल पुलिस को की गईं थी और 751 मुकदमे दर्ज किए गए।
इनमें से 59 मामलों की जांच एसआईटी, तथा 691 मामलों की जांच की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस को सौंपी गई थी। इसके अलावा दंगों की साजिश के सिलसिले में छह मार्च को दर्ज केस की जांच स्पेशल सेल को सौंपी गई थी।