गुरुग्राम से पार्टी करके लौट रहा था आरोपी, चाणक्यपुरी में थार से दो लोगों की मौत का मामला
चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चाणक्यपुरी में थार गाड़ी से दो लोगों को कुचलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। आरोपी ने भारी मात्रा में यमुना विहार से मादक पदार्थ खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी युवक शकरपुर निवासी आशीष उर्फ बच्चा की किराये की थार गाड़ी से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह दुर्घटना के समय गुरुग्राम से पार्टी करके लौट रहा था। थार से कुचलने के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गाड़ी की जांच के दौरान संदिग्ध ड्रग्स से भरा एक बैग मिला। जांच अधिकारी एसआई सूरज भान ने बैग से कोकीन (0.30 ग्राम), एलएसडी (2.6 ग्राम), एमडी (23.47 ग्राम), गांजा (21.26 ग्राम), तंबाकू (15.49 ग्राम), चरस (4.17 ग्राम) और 25,000 नकद रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गाड़ी से शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस ने फोरेंसिक टीम से पूरी गाड़ी की जांच कराई है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने रात को गांजे का सेवन किया था। उसने बताया कि गाड़ी चलाते समय मोड़ पर उसे झपकी आ गई थी। इस कारण वह गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रख पाया। हालांकि, वह ज्यादा नशे में नहीं होने की बात भी कह रहा है। अधिकारियों के अनुसार उसने थार गाड़ी किराये पर ली हुई थी। वह मौजमस्ती के लिए कार किराये पर लेता रहता था। उसके पिता ऑटो चालक है। आरोपी आशीष ने बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई छोड़ दी थी। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मादक पदार्थ लेने वाली जगह का पता कर दबिश देगी।
-
दूसरे शव की नहीं हो पाई शिनाख्त
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार दूसरे शव की भी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है। वहीं, सिक्किम निवासी सुजेश छेत्री के परिजनों से बात हो गई है। उसके परिजनों के आने के बाद ही सेजश के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। सुजेश कई साल पहले इलाज कराने के लिए सिक्किम से दिल्ली आ गया था।