शटल गाड़ी की गलत उद्घोषणा करने से ओल्ड स्टेशन पर रविवार को अफरातफरी मच गई। प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़े यात्रियों को भागकर प्लेटफार्म नंबर-1 पर आना पड़ा।
इस तरह आए दिन होने वाली रेलवे की लापरवाही से यात्रियों की जान संकट में पड़ जाती है। रेलवे के अधिकारी मामले की जांच करने की बात कह कर पल्ला झाड़ लेते हैं।
रविवार को पलवल से शकूरबस्ती जाने वाली शटल गाड़ी संख्या 64013 की सवा बजे ओल्ड स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो पर आने की सूचना प्रसारित की गई। दिल्ली की ओर जाने वाले यात्री प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंच गए।
इनमें ज्यादातर महिलाएं व बच्चे शामिल थे। कुछ ही देर उक्त गाड़ी का प्लेटफार्म बदलकर एक पर आने की घोषणा कर दी। इससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
सामान लेकर यात्री बच्चों के साथ पुल से आने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पारकर एक नंबर पर पहुंचे। रेलवे की लापरवाही की यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन रेलवे कर्मचारी ऐसी हरकतें करते रहते हैं। उधर स्टेशन अधीक्षक केसी मीना का कहना है कि वह इसकी जांच करेंगे।