दिल्ली पर्यटन विभाग और एमसीडी के बीच एमओयू, डीपीआर के बाद पीपीपी से विकास की तैयारी
160 साल पुरानी विरासत का होगा कायाकल्प, संग्रहालय और पर्यटन केंद्र बनेगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
चांदनी चौक स्थित करीब 160 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में रविवार को दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए।
परियोजना के तहत टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य पहचान को सुरक्षित रखते हुए परिसर में संग्रहालय, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। टाउन हॉल और इससे जुड़ा परिसर चांदनी चौक और शाहजहानाबाद के ऐतिहासिक क्षेत्र का हिस्सा है। इसका निर्माण 1860 से 1866 के बीच हुआ था। लंबे समय तक यह दिल्ली नगर निगम का मुख्यालय रहा। वर्ष 2010 में निगम मुख्यालय के मिंटो रोड स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में स्थानांतरित होने के बाद परिसर का बड़ा हिस्सा काफी हद तक खाली रहा। करीब 12,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले इस परिसर का स्वामित्व नगर निगम के पास ही रहेगा।
विरासत बचाकर आधुनिक उपयोग की तैयारी
परियोजना के तहत भवन की मूल स्थापत्य शैली और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करते हुए इसका पुन: उपयोग किया जाएगा। प्रस्तावित ग्लोबल हेरिटेज सेंटर में दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और विरासत से संबंधित संग्रहालय के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटन सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। चांदनी चौक और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के निकट होने के कारण पर्यटकों की पहुंच को ध्यान में रखकर परिसर का विकास किया जाएगा।
डीपीआर के बाद तय होगा विकास का मॉडल
एमओयू के तहत डीटीटीडीसी परिसर का सर्वे, भवन का स्ट्रक्चरल असेसमेंट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगा। इसके बाद सार्वजनिक निवेश या सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के माध्यम से विकास का विकल्प तय किया जाएगा। परियोजना की निगरानी और प्रगति की समीक्षा के लिए डीटीटीडीसी और निगम अधिकारियों का संयुक्त कार्य समूह बनाया जाएगा। एमओयू की प्रारंभिक अवधि 30 वर्ष है, जिसे आपसी सहमति से अगले 30 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। टाउन हॉल से जुड़ी विरासत सामग्री, अभिलेख और ऐतिहासिक रिकॉर्ड नगर निगम के पास ही रहेंगे।
पुरानी दिल्ली की विरासत को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि टाउन हॉल दिल्ली के इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार इसकी ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रखते हुए इसे पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना चाहती है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क के विकास से चांदनी चौक में विरासत पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। कार्यक्रम में मेयर प्रवेश वाही समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।