चांदनी चौक इलाके में तंग गलियों में झूलते तारों से हादसे की आशंका बनी रहती है। उलझे तारों के बीच रोजाना करोड़ों का कारोबार होता है। बृहस्पतिवार को नई सड़क इलाके में लगी आग के बाद स्थानीय दुकानदार गुस्से में हैं।
दुकानदारों का कहना है कि तारों को भूमिगत करने की योजना काफी साल पहले बनी, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हो पाया। चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, चीरा खाना, वेदवाड़ा, श्रीराम, महावीर, गणेशी लाल, भगवती, ईश्वर समेत अन्य बाजारों के दुकानदार तारों की समस्या को लेकर अकसर शिकायत करते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से समाधान करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया जाता। अक्सर शार्ट सर्किट होने पर कई बार घंटों बिजली गुल रहती है। हाल ही में सदर बाजार सहित अन्य बाजारों में आग से लाखों का नुकसान हुआ है। संकरी गली में आग लगने से दमकल की गाड़ियां पहुंचने में काफी समय लग जाता है। ऐसे में यहां रहने वाले लोग डर के साये में जिंदगी गुजार रहे हैं।
व्यापारी महेश गुप्ता ने बताया कि बिजली के तार जी का जंजाल बन चुके हैं। इसे खुद से हटा भी नहीं सकते। बाजारों में तार इतने नीचे लटक रहे हैं कि कई बार तो लोगों के सिर को छूते हैं। लोग डरते हुए बाजार में आते हैं। कई घरों की बालकनी में बारिश में करंट आ जाता है। कई लोगों ने तो बच्चों के बालकनी में खड़ा होने पर ही पाबंदी लगा दी है। भगवती बाजार के व्यापारी विक्की ने बताया कि बारिश के दिनों में अक्सर शार्ट सर्किट होता है, जिससे हादसे का डर बना रहता है। निवासी अशोक गुप्ता ने बताया कि गलियों में पुराने तार हैं। प्रशासन से कई बार इसके लिए गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
व्यापारियों ने रखी मांग
फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि उपराज्यपाल कार्यालय में बाजारों की समस्या पर बैठक होनी चाहिए। बैठक में स्थानीय सांसद, विधायक, पार्षद, बिजली विभाग के अधिकारी सहित अन्य विस्तार से चर्चा कर समस्या को दूर करें। पुरानी दिल्ली में लटकते तारों से हमेशा आग की आशंका बनी रहती है। दो साल से इस समस्या को दूर करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं।