नंगली सकरावती में सत्या शर्मा ने किया औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को नजफगढ़ जोन के नंगली सकरावती क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वच्छता और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान वार्ड समिति अध्यक्ष सविता शर्मा, जोनल उपायुक्त सुमित कुमार आदि मौजूद थे। सत्या शर्मा ने निर्माणाधीन बायोगैस प्लांट का जायजा लिया और कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि डेयरी अपशिष्ट के निस्तारण की इस परियोजना को समय सीमा में पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। गोयला डेयरी क्षेत्र के दौरे पर उन्होंने नालियों में कचरा या गोबर डालने की प्रवृत्ति रोकने का निर्देश दिया। साथ ही पार्क के लिए निर्धारित भूमि पर कचरा जमा होने पर सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
अध्यक्ष ने नालियों की सफाई, सड़कों के निर्माण और टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। पशु चिकित्सालय और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए जर्जर भवन की मरम्मत के निर्देश दिए।