दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक बार फिर से नौकरी व इंटर्नशिप के दरवाजे खुलने जा रहे हैं। डीयू की सेंट्रल प्लेसमेंट सेल अप्रैल में ऑफलाइन मोड में जॉब व इंटर्नशिप मेला आयोजित करने जा रहा है। यह शैक्षणिक सत्र 2022-23 का आखिरी प्लेसमेंट सेशन होगा।
जॉब मेले के लिए अब तक 24 से अधिक कंपनियां पंजीकरण करा चुकी हैं। इसमें करीब 50 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कारण से छात्रों को अच्छे ऑफर मिल सकते हैं। इससे पहले जॉब मेला 21 व 22 मार्च को होना था।
डीयू के स्नातक स्तर के पहले व दूसरे वर्ष के छात्रों को इंटर्नशिप का और यूजी-पीजी स्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों को नौकरी का मौका मिलेगा। डीयू के सेंट्रल प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ हेना सिंह ने बताया कि इस सत्र का आखिरी प्लेसमेंट सेशन 18 व 19 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। प्लेसमेंट सेल के तहत अब तक 6 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण कराने के लिए छात्रों व कंपनियों के पास 15 अप्रैल तक का समय है। अब तक करीब 24 से अधिक कंपनियां पंजीकृत हो चुकी हैं। इसके अलावा और भी कंपनियों के आने की संभावना है।
डीयू प्रशासन को उम्मीद कंपनियां छात्रों को अच्छे ऑफर प्रदान करेंगी
प्लेसमेंट सेशन में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण जरूरी है। डॉ हेना ने बताया कि कंपनियों को बताया जा चुका है कि कम से कम 3.5 लाख रुपये सालाना के सैलेरी पैकेज की पेशकश की जाए, अधिकतम पैकेज कंपनी तय कर सकती है। इंटर्नशिप के लिए कम से कम पांच हजार रुपये प्रति माह की पेशकश करने के लिए कहा गया है। इस सेशन के पहले हुए प्लेसमेंट सेशन में छात्रों को अच्छे सैलेरी पैकेज की पेशकश हुई है। ऐसे में डीयू प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी कंपनियां अच्छे ऑफर प्रदान करेंगी। डीयू ने 21 व 22 मार्च को जॉब व इंटर्नशिप मेला आयोजित करने की योजना तैयार की थी, किन्हीं कारणों से उस समय स्थगित कर दिया गया था।