खगोलप्रेमियों के लिए आज यानी 17 अगस्त की रात बेहद खास होने वाली है। तड़के और शाम को आसमान में ग्रहों की स्थिति कई अद्भुत और खूबसूरत दृश्य बनाने जा रही है जिसे देश के अधिकतर हिस्सों में नग्न आंखों से देखा जा सकेगा। सूर्यास्त के तुरंत बाद पश्चिम में चंद्रमा और शुक्र का सुंदर त्रिकोण आसमान में बेहद खूबसूरत नजारा बनाएंगे।
हाल ही में अमावस्या के बाद लौट रहा अर्धचंद्राकार बाल चंद्रमा, सौरमंडल के सबसे चमकीले ग्रह शुक्र और स्पाइका (चित्रा) तारे के साथ मिलकर एक सुंदर कतार बनाता हुआ नजर आएगा। हालांकि, ये तीनों पिंड 16 अगस्त को एक-दूसरे के बेहद करीब थे लेकिन 17 अगस्त की शाम को भी इनकी चमक और आपसी तालमेल देखने लायक होगा। खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार, सूर्यास्त के ठीक बाद शाम 7:15 से रात 8:30 बजे के बीच इस नजारे को देखने का सबसे अच्छा समय होगा।
सुबह के आकाश में मंगल और बृहस्पति की होगी जुगलबंदी
17 अगस्त की तड़के (भोर में) पूर्वी आसमान में भी हलचल रहेगी। लाल ग्रह मंगल इस दौरान मिथुन तारामंडल के दो तारों, ईटा और म्यू जेमिनोरम के बेहद करीब (लगभग 1 डिग्री की दूरी पर) पहुंच जाएगा। इसके ठीक नीचे सौरमंडल का सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति और बुध भी अपनी चमक बिखेरते नजर आएंगे। त़ड़के 4:00 से 5:15 बजे के बीच इन ग्रहों को पूर्वी क्षितिज पर साफ देखा जा सकता है।