दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जसमीत उर्फ जिम्मी गिरोह के बदमाश विकासपुरी निवासी मोनू उर्फ आकाश (23) को गिरफ्तार किया है। वह टिक-टॉक सेलिब्रिटी है।
जिम्मी गिरोह की सूरज फाइटर गिरोह से रंजिश है। इलाके में एकाधिकार के लिए सूरज फाइटर गिरोह के दो बदमाशों पर गोली चली थी। इसमें जूडो का राष्ट्रीय खिलाड़ी रहा बदमाश मनोज भी गोली लगने से घायल हुआ था। सरगना सूरज फाइटर इंडियन आइडल में गाने गा चुका है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला के अनुसार, एक व दो जून की रात विकास नगर रणहौला में गैंगवार हुई थी। जिम्मी गिरोह के छह बदमाशों ने फाइटर गिरोह के मनोज व सूरज को गोली मारी थीं। मनोज के सिर व पैर और सूरज के पैर में गोली लगी थी। रणहौला थाने में मामला दर्ज है।
शाखा के इंस्पेक्टर रिछपाल सिंह, एएसआई सतेंद्र व हवलदार सुरेंद्र की टीम ने 21 जून को सूचना के बाद विकासपुरी में जाल बिछाया और जिम्मी गिरोह के बदमाश मोनू उर्फ आकाश को चरक अपार्टमेंट से पकड़ लिया। उससे एक पिस्टल व चार कारतूस मिले। मध्य वर्गीय परिवार का मोनू तीन वर्ष पहले हुक्का पार्लर, विकासपुरी में काम करता था।
इसने टिक-टॉक पर वीडियो बनाना शुरू किया और जल्द ही सेलिब्रिटी बन गया। एक वर्ष पहले इसने जमसीत के साथ मुंशी के तौर पर काम शुरू किया। गिरोह के दो बदमाश पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।