अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुंडका इलाके में मारपीट कर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने महज 14 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। मुंडका थाना पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज अहम सबूत साबित हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस, अमन और कौशल के रूप में हुई है, जो बक्करवाला और नांगलोई इलाके के निवासी हैं। इनमें प्रिंस पर हत्या का मामला भी दर्ज है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया चांदी का कड़ा, चेन और करीब ढाई हजार रुपये बरामद किए हैं।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह के अनुसार, 16 अप्रैल की शाम रणहौला रोड पर तीन युवकों से बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की थी। घायल अजीत का मेडिकल कराया गया, जबकि उसके साथी विपिन और विवेक ने घटना की जानकारी दी। मामले की जांच में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बदमाशों की पहचान की। इसके बाद 17 अप्रैल को सूचना के आधार पर द्वारका एक्सप्रेसवे के पास अंडरपास से तीनों को दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।