कई ऐसे वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनमें सास को पीटते हुए बहू की करतूत सामने आई है।
यह मामला इससे इतर है, इसमें घर में गुपचुप तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाकर पति ने पत्नी की बेवफाई की पोल खोली है।
उसने अपने लैपटॉप में सीसीटीवी की फुटेज पुलिसवालों को भी दिखाई। फिलहाल महिला थाने की पुलिस दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर रही है। मामला टीएचए का है।
महिला ने कुछ दिन पहले एसएसपी से शिकायत की थी कि उसे पति दहेज के लिए प्रताड़ित करता है। दो माह पहले ही उसकी शादी हुई है और पति निजी कंपनी में जॉब करता है।
एसएसपी ने महिला थाने की पुलिस को जांच के निर्देश दिए। महिला थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसलिंग शुरू हुई तो सनसनीखेज खुलासा हुआ।
महिला थानेदार अंजू तेवतिया ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान पति ने बताया कि उसके माता-पिता को नींद की गोलियां खिलाकर पत्नी उसके ही एक रिश्तेदार के साथ आपत्तिजनक हरकतें करती थी।
घंटों फोन पर बातें करती रहती थी और बात कर नंबर डिलीट कर देती थी। कहती थी अपने घर पर बात करती है। शक होने पर उसने गुपचुप तरीके से घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए।
पिछले दिनों मां बीमार हुईं तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पिता उनकी तिमारदारी में अस्पताल में थे और वह ड्यूटी पर था।
उस दौरान उसने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो पत्नी के अफेयर का पता चला। उसने सीसीटीवी की फुटेज भी सुबूत के तौर पर पेश किए।
दूसरी तरफ, पत्नी ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि उसे पति दहेज की खातिर प्रताड़ित करता है।
शिकायत करने पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। महिला थानेदार ने बताया कि जांच के साथ काउंसलिंग की जा रही है।