सीसीएसयू की सत्र 2013-14 के रेगुलर और प्राइवेट परीक्षा फार्म भरने वाले स्टूडेंट्स को अब लाइन में घंटों इंतजार कर परीक्षा शुल्क जमा करने की जरूरत नहीं है। विवि ने स्टूडेंट्स को राहत देते हुए ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा कराने की सुविधा दे दी है।
स्टूडेंट्स एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के ऑनलाइन पोर्टल केजरिए एटीएम डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैकिंग के जरिए परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। विवि की सुविधा से रोजाना बैंकाें में उमड़ रही स्टूडेंट्स की भीड़, मारामारी और हंगामे से निजात मिल सकता है।
एक्सिस का चालान डाउनलोड करने वाले न हों परेशान
सीसीएसयू का एक्सिस बैंक की गाजियाबाद, साहिबाबाद और ग्रेटर नोएडा की शाखाओं से करार खत्म हो जाने और एक्सिस का चालान फार्म डाउनलोड करने वाले स्टूडेंट्स को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
विवि ने एक्सिस बैंक का चालान फार्म जेनरेट करने वाले इन तीनों जगहों के स्टूडेंट्स को ऑनलाइन फीस जमा कराने की भी सुविधा दी है। जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इससे ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा कराने की भागदौड़ से स्टूडेंट्स को निजात मिलने के साथ पैसे की भी बचत होगी।
18 घंटे में ही भर गई बीए और बीकॉम में बढ़ाई सीटें
सीसीएसयू के सत्र 2013-14 में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर प्राइवेट ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने का शुक्रवार को आखिरी मौका है। 22 फरवरी को अपलोड हुए प्राइवेट फार्म में महानगर के प्रमुख डिग्री कालेजों में पहले दिन ही बीए, बीकॉम और एमए फर्स्ट ईयर में सीटें फुल हो गई।
स्टूडेंट्स को राहत देते हुए विवि ने बुधवार को शाम साढ़े पांच बजे एमएमएच, वीएमएलजी, एलआर और एसडी में बीए-बीकॉम फर्स्ट ईयर में करीब 5600 सीटें बढ़ाई, जो कि 18 घंटे के भीतर ही फुल हो गई। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे तक सीटें फुल हो जाने से इसके बाद फार्म भरने पहुंचे स्टूडेंट्स के हाथ निराशा लगी।
विवि ने बुधवार को बीए-बीकॉम फर्स्ट ईयर में एमएमएच में 3 हजार, एलआर में 1500, वीएमएलजी में 600 और एसडी में 500 के करीब सीटें बढ़ा दी थीं। वहीं, बृहस्पतिवार को भी सुबह से परीक्षा फार्म भरने के लिए स्टूडेंट्स का तांता लगा रहा।
रेगुलर फार्म भरना स्थगित कंपनी हटाई
एक महीना खींचने के बाद सीसीएसयू ने आखिरकार रेगुलर ग्रेजुएशन के एग्जाम फार्म का जिम्मा कंपनी से वापस ले लिया। विवि की फजीहत और छात्रों को परेशानी झेलने के बाद यह कदम उठाया गया है। कुलपति ने बृहस्पतिवार शाम अधिकारियों के साथ बैठक करके उक्त निर्णय लिया।
कंपनी से डाटा वापस मांग लिया है। तीन मार्च को नई कंपनी के साथ फार्म भरवाने की तिथि घोषित की जाएगी। उधर, वेबसाइट ठप रहने से रेग्युलर फार्म नहीं भरे जा सके। विवि ने ग्रेजुएशन रेगुलर के एग्जाम फार्म 20 जनवरी से भरवाने शुरू किए थे। टेंडर बीएसएनएल कंपनी से हुआ था।
बीएसएनएल ने डायमेंशन डाटा नाम की कंपनी को काम दिया। तारीख बढ़ाते-बढ़ाते ये वक्त आ गया, लेकिन फार्म नहीं भरे गए। फर्स्ट ईयर, सेकेंड और थर्ड ईयर के छात्र चक्कर काट रहे हैं। इससे आजिज विवि ने प्राइवेट फार्म और बैक, एक्स, सिंगल सब्जेक्ट और इंप्रूवमेंट के फार्म दूसरी कंपनी को सौंप दिए।