केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं के नतीजों में छात्रों की अंकतालिका में फेल शब्द नहीं लिखा गया है। बोर्ड ने अंकतालिका में फेल की जगह आवश्यक पुनरावृत्ति शब्द का प्रयोग किया है।
बच्चों के मन से नकारात्मकता के भाव को खत्म करने के लिए पुनरावृत्ति शब्द को आवश्यक पुनरावृत्ति से बदलने का फैसला किया है। ऐसे में अब फेल की जगह बच्चों की अंक तालिका व वेबसाइट पर जारी किए गए नतीजों में आवश्यक पुनरावृत्ति लिखा हुआ है।
वहीं, जिन बच्चों की कंपार्टमेंट आई है, वहां कंपार्टमेंट ही लिखा गया है। सीबीएसई के नतीजों में इस बार ओवरऑल रिजल्ट में सुधार के साथ-साथ कंपार्टमेंट लाने वाले छात्रों की संख्या में कमी हुई है।
इस साल 87,651 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है, जबकि बीते साल यह संख्या 99,207 थी। कंपार्टमेंट परीक्षाएं किन तिथियों पर होंगी इसकी घोषणा अभी नहीं की गई है। बोर्ड का कहना है कि तिथियों की घोषणा केंद्र सरकार से परामर्श के बाद की जाएगी।
वहीं, बोर्ड केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार उन विषयों में एक वैकल्पिक परीक्षा आयोजित करेगा, जिनकी परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच आयोजित की जानी थी।
जिन छात्रों के नतीजे बोर्ड की ओर से घोषित मूल्यांकन स्कीम के आधार पर घोषित किए गए हैं, उन्हें अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए वैकल्पिक परीक्षाओं में उपस्थित होने की अनुमति होगी, यदि वे ऐसा चाहते हैं। इन वैकल्पिक परीक्षाओं के संचालन की परीक्षा तिथियां सरकार के परामर्श से घोषित की जाएंगी।