भारत बंद के कारण बिहार के तीन स्कूलों में सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा सोमवार को नहीं हो सकी, जबकि यूपी समेत देश के कई इलाकों में परीक्षा प्रभावित हुई।
वहीं, कश्मीर में जारी हिंसा के कारण कई छात्रों की परीक्षा छूटने की सूचना है। खास बात यह है कि बंद के चलते देश के जिन इलाकों में परीक्षा प्रभावित हुई है, वहां पंजाब के साथ दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, भारत बंद के चलते केंद्र सरकार ने सीबीएसई और राज्य सरकारों को परीक्षार्थियों को असुविधा से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया था।
इसके अलावा पेपर लीक की घटनाओं और भारत बंद के चलते परीक्षा शांतिपूर्वक हुई, उसकी रिपोर्ट भी मांगी है। सरकार के निर्देश के तहत ही बोर्ड ने विभिन्न राज्य सरकारों से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात करनेे को कहा था।
अधिकारी के मुताबिक, कश्मीर में जारी हिंसा के चलते परीक्षा प्रभावित हुई है, फिलहाल कितने छात्र परीक्षा में भाग नहीं ले पाए हैं, उसकी रिपोर्ट तैयार हो रही है, ताकि दोबारा परीक्षा पर फैसला लिया जा सके।
वहीं, भारत बंद के चलते बिहार के तीन स्कूलों में परीक्षा आयोजित ही नहीं हो सकी, क्योंकि केंद्र के बाहर असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ शुरू कर रखी थी। वहीं, जहानाबाद से करीब 90 लड़कियों के ग्रुप ने सीबीएसई हेल्पलाइन पर मदद मांगी थी। बोर्ड ने राज्य सरकार समेत पुलिस से छात्राओं की मदद करने को कहा। हालांकि केंद्र के बाहर अव्यवस्था होने के चलते छात्राएं परीक्षा नहीं दे पाईं।
अधिकारी के मुताबिक, बिहार के तीन स्कूलों में पंजाब के साथ दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा देशभर से बंद के कारण प्रभावित होने वाले इलाकों की रिपोर्ट के अध्ययन के बाद दोबारा परीक्षा लेने का भी फैसला होगा।
सीबीएसई चेयरमैन को आया पेपर लीक का ईमेल
सीबीएसई चेयरमैन को सोमवार सुबह नौ बजे एक ईमेल आया। इसमें कहा गया कि संस्कृत का पेपर लीक हो गया है। इस ईमेल के साथ एक पेपर भी अटैच किया गया था। चेयरमैन ने तत्काल ईमेल को जांच के लिए भेजा और जो पेपर अटैच था उसकी जांच करवाई गई कि पेपर वही है जो अभी होने वाला है, लेकिन जांच में पेपर फर्जी पाया गया।