-बच्चे का नाम संक्षिप्त रूप में लिखने के बजाय पूरा लिखा जाए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को राहत दी है। बोर्ड ने स्कूलों को परीक्षा के लिए जमा की गई लिस्ट ऑफ कैंडिडेट (एलओसी) में गलतियों को सुधारने का अवसर दिया है। यह सुधार विंडो दो नवंबर से खुली है और स्कूल सात नवंबर तक इसमें बदलाव कर सकेंगे।
बोर्ड ने स्कूलों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को इस अवधि में सभी जानकारियां ध्यान से जांचने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के निर्देशानुसार, स्कूलों को प्रत्येक विद्यार्थी की एलओसी में दर्ज जानकारी की जांच करनी होगी। इसमें विद्यार्थी का नाम, माता-पिता या अभिभावक का नाम, जन्मतिथि और चुने गए विषय शामिल हैं। यदि इनमें कोई गलती मिलती है, तो उसे सात नवंबर तक ठीक कराया जा सकता है। बोर्ड ने अभिभावकों को विशेष रूप से सलाह दी है कि बच्चे का नाम संक्षिप्त रूप में लिखने के बजाय पूरा लिखा जाए। यदि विद्यार्थी भविष्य में विदेश में पढ़ाई या अन्य काम के लिए जाना चाहता है, तो उसका उपनाम भी सही तरीके से दर्ज होना चाहिए। यदि पासपोर्ट बन चुका है, तो उसमें दी गई जानकारी का एलओसी से मिलान भी कर लें।
सुधार के लिए अंतिम तिथि सात नवंबर है। सात नवंबर के बाद किसी भी जानकारी में बदलाव या सुधार का दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा। सभी स्कूलों को यह सूचना विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें समय सीमा के भीतर जरूरी सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया है।