-फीस, कैंटीन और लाइब्रेरी में यूपीआई-रुपे कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने संबद्ध स्कूलों में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्कूलों को फीस के साथ कैंटीन, लाइब्रेरी और अन्य सेवाओं के भुगतान के लिए यूपीआई और रुपे कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है। कम इंटरनेट वाले क्षेत्रों में यूपीआई लाइट, यूपीआई लाइटएक्स और यूपीआई 123पे जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी गई है।
स्कूलों को अभिभावकों और छात्रों के लिए डिजिटल भुगतान संबंधी जागरूकता और सहायता व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने फीस भुगतान के लिए भारत बिल पेमेंट सिस्टम से जुड़ने की सलाह दी है। ईआरपी सिस्टम के साथ डिजिटल भुगतान व्यवस्था जोड़कर वेतन और अन्य नियमित भुगतान ऑनलाइन किए जा सकेंगे। शिक्षकों के प्रशिक्षण में डिजिटल भुगतान की जानकारी और छात्रों के लिए वित्तीय साक्षरता मॉड्यूल शामिल करने को भी कहा गया है। अभिभावकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।