केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार दिल्ली सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाले 10वीं व 12वीं के एससी/एसटी विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी राहत दी है। अब इन स्कूलों के एससी/एसटी विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क के रूप में 50 रुपये ही देने होंगे।
बोर्ड ने पुराने शुल्क की व्यवस्था दोबारा लागू कर दिल्ली सरकार को जानकारी दे दी है। मालूम हो कि बोर्ड ने दिल्ली सरकार के स्कूलों के एससी/एसटी विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क को 350 से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया था।
परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी के बाद से काफी हंगामा हो रहा है। मामले ने राजनीतिक रंग लिया तो बोर्ड ने ना केवल अपनी सफाई दी, बल्कि रात होते-होते बढ़ी हुई फीस को वापस ले लिया।
अब विद्यार्थियों को बीते साल की तरह ही पांच विषयों के लिए 50 रुपये का भुगतान करना होगा। मालूम हो कि परीक्षा शुल्क 350 रुपये होता है, जिसके लिए 50 रुपये विद्यार्थी देते हैं और बाकी 300 रुपये का भुगतान दिल्ली सरकार बोर्ड को करती है।
सीबीएसई का कहना है कि एक बार विद्यार्थियों की संख्या फाइनल हो जाने के बाद 300 रुपये का शुल्क राज्य सरकार से लिया जाएगा। बोर्ड का कहना है कि इस कदम से ना केवल फीस बढ़ाने को लेकर बना विवाद थमेगा, बल्कि हितधारकों में जो गलतफहमी है वह भी दूर होगी। बाकी व्यवस्था में बदलाव नहीं किया गया है।