-किसी भी जानकारी और समस्या के लिए सीबीएसई टेली काउंसलिंग हेल्पलाइन पर कर सकेंगे संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए पोर्टल सोमवार से खुल जाएगा। पहले इस प्रक्रिया के लिए 26 से 29 मई निर्धारित की गई थी। तकनीकी खामियों के चलते पोर्टल को नए सिरे से एक जून से शुरू किया जाएगा। इसमें सीबीएसई ने डाटा पूरी तरह से सुरक्षित रहने का दावा किया है।
सीबीएसई के अनुसार यह निर्णय पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुचारू और तकनीकी गड़बड़ियों से मुक्त बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। मूल्यांकन की सर्वोच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों को सुनिश्चित करने के लिए पोर्टल के संचालन की तारीख आगे बढ़ाई गई थी। परीक्षा के बाद की गतिविधियों के तहत आवेदन करने वाले छात्रों के लिए निर्धारित पोर्टल अब एक जून से संचालित होगा।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी शिकायतों और प्रश्नों के समाधान के लिए सहायता व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए छात्र सीबीएसई टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800-11-8004 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा resultcbse2026cbseshiksha.in ईमेल के माध्यम से भी अपनी शिकायत या प्रश्न भेज सकते हैं। सीबीएसई ने छात्रों से आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की है।