CBSE 10th Re-Evaluation सीबीएसई ने दसवीं दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। स्कैन कॉपी के लिए 5 से 9 अगस्त तक, जबकि सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए 16 से 19 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दसवीं दूसरी बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सेवाएं शुरू की गई हैं। इन सेवाओं में उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी, अंकों का सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन शामिल है।
विज्ञापन
बोर्ड ने इन सुविधाओं के लिए आवेदन विंडो खोल दी है। विद्यार्थी अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन का विकल्प भी उपलब्ध होगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। स्कैन कॉपी प्राप्त करने के बाद ही विद्यार्थी सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर पाएंगे। यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने और विद्यार्थियों को संतुष्ट करने के लिए उठाया गया है।
सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की तारीख
उत्तरपुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन 5 अगस्त से 9 अगस्त तक किए जा सकते हैं। अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन 16 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करना होगा। समय पर आवेदन न करने पर सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा।
विज्ञापन
आवेदन के लिए इतना होगा शुल्क
मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी के लिए प्रति विषय 300 रुपये का शुल्क निर्धारित है। अंक सत्यापन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 300 रुपये का भुगतान करना होगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये का शुल्क लगेगा। सभी शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा किए जाएंगे।