तीन बाइकर्स ने दिल्ली सीबीआई में तैनात सब-इंस्पेक्टर विजयपाल नेगी से गन प्वाइंट लूटपाट की। विरोध पर सिर में तमंचे की बट मारी।
वारदात मंगलवार रात करीब पौने दस बजे शास्त्रीनगर में एसबीआई शाखा के पास हुई। बदमाश उनसे मोबाइल, पर्स, घड़ी और स्वेटर भी लूटकर ले गए। पर्स में एटीएम कार्ड और हजारों रुपये थे।
सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि वे दिल्ली सीबीआई में तैनात हैं। कविनगर के कमला नेहरूनगर में रहते हैं। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वे पैदल थे। बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका और उनसे लूटपाट की।
उन्होंने राजनगर निवासी बृजलाल से कार में लिफ्ट लेकर बाइकर्स का पीछा भी किया, मगर वे नहीं मिले। बृजलाल के मोबाइल से ही उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंची और छानबीन की।
बदमाशों की बाइक लाल रंग की थी। वे बाइक का नंबर नोट नहीं कर सके। बदमाशों के पास तमंचा होने के कारण उन्होंने विरोध नहीं किया। एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराई, मगर उनका पता नहीं चल सका। शहर में लगातार वारदात हो रही हैं। पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है।
पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने इस बार सीबीआई के सब-इंस्पेक्टर को ही निशाना बना डाला। हाईटेक पुलिसिंग के दावे नाकाफी साबित हो रहे हैं।