सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी संजय कुमार सेहरावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, संजय पर दिल्ली, अंडमान व निकोबार द्वीप पुलिस सेवा (डीएएनआईपीएस) कैडर में चयन के लिए समान नाम वाले व्यक्ति के दस्तावेजों और हस्ताक्षर का अवैध इस्तेमाल करने का आरोप है।
संजय पूर्वी दिल्ली में एडिशनल डीसीपी-2 के तौर पर तैनात हैं। सीबीआई टीम ने बुधवार को मुकदमा दर्ज करने के बाद 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार के पीतमपुरा स्थित घर और डीसीपी ईस्ट कार्यालय में मौजूद उनके कमरे की तलाशी भी ली।
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने यह कार्रवाई संजय कुमार की पूर्व पत्नी की शिकायत पर की है। हालांकि संजय का कहना है कि दिल्ली पुलिस का विजिलेंस विभाग पहले ही उसकी पूर्व पत्नी के पिता की शिकायत पर जांच कर चुका है। उसने इसे वैवाहिक विवाद के कारण लगाया गया झूठा आरोप बताया।
संजय ने कहा, एक अदालत ने दो आदेश पारित करते हुए दिल्ली पुलिस से इस मामले की जांच रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में मांगी थी, जो जमा कराई जा चुकी है।
केंद्रीय सतर्कता आयुक्त ने भी गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस को अदालत का फैसला आने से पहले कोई कार्रवाई नहीं करने के आदेश दिए थे। संजय ने दावा किया कि सीबीआई ने बिना किसी प्राथमिक जांच या उसका पक्ष जाने बिना ही मुकदमा दर्ज कर लिया है।