-द्वारका नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज सुभाष चंद्र को लाइन हाजिर किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
द्वारका की एंटी नारकोटिक्स सेल के कार्यालय से सीबीआई ने 52 लाख रुपए बरामद किए हैं। सीबीआई ने नारकोटिक्स में तैनात हवलदार अजय को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए इस मामले में गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद नारकोटिक सेल के इंचार्ज सुभाष चंद्र को लाइन में भेज दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार एंटी नाकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में उत्तम नगर से सांसी समुदाय की एक लड़की को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि सेल के अधिकारी लड़की की मां से पैसे की मांग कर रहे थे। लड़की की मां ने सीबीआई में इसकी शिकायत कर दी। सीबीआई ने मंगलवार रात को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए हवलदार अजय को उन्हीं के कार्यालय जो कि द्वाराका सेक्टर 16 में है, वहां से गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा कि इसके बाद सीबीआई ने एंटी नारकोटिक्स सेल के कार्यालय में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां से 50 लाख रुपये और बरामद किए गए। द्वारका जिला पुलिस उपाय कुशल पाल सिंह ने इस छापेमारी की पुष्टि की है। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस महकमे में सन्नाटा है।