संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। सदर थाना नूंह क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। साथ ही महिला की चिकित्सीय जांच करवा दी गई है। महिला के बेटे की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। नूंह सदर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया तथा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जिन्हें परीक्षण के लिए लैब भेजा जाएगा।
शिकायत के अनुसार, 21 जून को दोपहर के समय परिवार के अन्य सदस्य एक कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान बुजुर्ग महिला पशु चराने के लिए जंगल गई थी। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने पहले उसके पशु छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे जबरन एक तरफ ले जाकर कथित दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर महिला घर की ओर चली, लेकिन रास्ते में फिर बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने उसे घर पहुंचाया, जहां होश में आने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने महिला के कानों की बालियां भी छीन ली। घटना के बाद परिजनों ने बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नूंह में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज हुआ।