डर और अंधविश्वास बनाकर परिवार को लगाया लाखों का चूना
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी पुन्हाना। राजस्थान के खैरथल निवासी एक महिला को झाड़-फूंक और भूत-प्रेत का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मौलवी नूरदीन पुत्र सद्दर को पुन्हाना के आंधाकी गांव से गिरफ्तार किया है। बिछौर पुलिस के साथ खैरथल पुलिस ने आंधाकी गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया । राजस्थान की खैरथल पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
खैरथल पुलिस के एएसआई राम प्रताप ने बताया कि दांतला चौक क्षेत्र निवासी पूजा देवी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में परिवार की परेशानियों के दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उन्हें एक कथित तांत्रिक से मिलवाया। तांत्रिक ने घर में जिन्न और बुरी शक्तियों का साया होने का दावा करते हुए परिवार के किसी सदस्य की जान जाने तक की आशंका जताई। आरोप है कि भय का माहौल बनाकर आरोपियों ने झाड़-फूंक, पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर लगातार रुपये मांगने शुरू कर दिए।
विज्ञापन
शिकायत के अनुसार, पहले 25 हजार रुपये लिए गए और बाद में विभिन्न अनुष्ठानों, मौलवियों को बुलाने तथा पूजा सामग्री के नाम पर कई किश्तों में लाखों रुपये वसूल लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि परिवार ने बैंक खातों से पैसे निकालकर आरोपियों को दिए। कई बार घर और अन्य स्थानों पर पूजा-पाठ व झाड़-फूंक की रस्में कराई गईं, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रुपये वापस मांगने और पुलिस कार्रवाई की बात कही तो उन्हें कथित रूप से डराया-धमकाया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपियों ने कुल 31 से 32 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) और 318(6) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। राजस्थान पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई रामप्रताप का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।