तीन युवकों द्वारा एक व्यक्ति से एक कोरे स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर कराकर उसकी जमीन को हड़पने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट भी की गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित इरफान पुत्र जीवनखां निवासी गांव बुराका थाना तावडू ने बताया कि उसकी शादी 12 वर्ष पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसके परिवार वाले उसकी पत्नी व उसके साथ लड़ाई झगड़ा रखने लगे।
परिजनों की हरकतों से तंग होकर वह अपनी ससुराल में रहने लगा। पीड़ित ने बताया कि जब ससुराल में उसे एक प्लॉट खरीदने के लिरु रुपये की जरूरत पड़ी तो उसने गांव बुराका में अपने हिस्से की 11 मरला जमीन में बने दो कमरे व चारदीवारी का इकरारनामा 2 मार्च को सरीपन पत्नी हबीब निवासी गांव बुराका के साथ 6 लाख 20 हजार में कर दिया।
जब जमीन के इकरारनामा के बारे में उसके परिजनों को मालूम हुआ तो वह उससे नाराज हो गए और उस पर इकरारनामा रद करने का दबाव बनाने लगे। पीड़ित ने बताया की जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो परिजनों ने उसे व उसकी पत्नी व बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है की गत 22 मार्च को उसके भाई इमरान ने अपने साथी गांव बुराका निवासी सददीक व आसू के साथ मिलकर तावडू से गोयला जाते समय गांव डिगरहेडी मोड़ पर उसे घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपियों ने उससे एक सादे स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए।
पीड़ित का आरोप है की उसका भाई व परिवार वाले उसके हक की जमीन को जबरन हड़पना चाहते हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद के विरूद्व विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।