मां दुर्गा को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के एक शिक्षक द्वारा फेसबुक पर अपशब्द लिखे जाने पर उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। दयाल सिंह कॉलेज के शिक्षक प्रो. केदार मंडल ने मां दुर्गा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। प्रोफेसर पर आईपीसी की धारा 153ए और 95ए के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस मामले को लेकर शनिवार को कैंपस में सनसनी फैली रही। न केवल उनकी आलोचना हुई बल्कि भाजपा समर्थित शिक्षक संगठन एनडीटीएफ ने लोधी रोड स्थित पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है।
वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शिक्षक के निलंबन की मांग की है। डीयू के दयाल सिंह कॉलेज में सहायक प्रोफेसर डॉ केदार कुमार मंडल ने फेसबुक पर शुक्रवार शाम 6 बजकर 42 मिनट पर दुर्गा मां को लेकर आपत्तिजनक शब्द लिखे।