जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र में गिर गई थी तीन मंजिला इमारत
पुलिस ने तफ्तीश में जुड़ने के लिए मालिक को नोटिस भेजा
शुरुआती जांच में पानी के रिसाव को ही माना जा रहा वजह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जहांगीरपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी के बयान पर महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने हादसे में मृत तीन लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने हादसे में घायल हुए लोगों का बयान लेने के साथ-साथ मालिक को तफ्तीश में जुड़ने का नोटिस भेजा है। शुरुआती जांच में इमारत में हो रहे पानी के रिसाव को ही हादसे की वजह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में मृत तीन लोगों की पहचान शालीमार बाग निवासी मुकेश (45), सराय पीपल थला निवासी फूलवती (46) और सिरसपुर निवासी विनोद (50) के रूप में हुई। वहीं, घायलों की पहचान ठाकुरदास, उनकी पत्नी उर्मिला, पड़ोसी हरिशंकर और जासिम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार सुबह सभी मृतकों का बाबू जगजीवन राम अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शवों को उनके परिवार वालों के हवाले कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले की शुरुआती जांच में मालिक की लापरवाही सामने आई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं पुलिस अधिकारी के बयान पर मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 209/106(1)/125ए के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को क्राइम और फोरेंसिक टीम ने एक बार फिर घटनास्थल पर पहुंची और वहां जांच पड़ताल की। टीम ने वहां से कई साक्ष्य हासिल किए है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने घटना में मृत लोगों के परिवार वालों का बयान दर्ज किया है। इस मामले की जांच के दौरान मालिक को तफ्तीश में जुड़ने के लिए नोटिस भेजा गया है। इसके साथ ही इस इमारत में फैक्टरी चलाने वाले मालिकों और घटना में घायल हुए लोगों का बयान दर्ज किए जा रहे है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में इमारत में हो रहे पानी के रिसाव को ही वजह माना जा रहा है।