एलबीएस अस्पताल में दिनदहाड़े 38 दिन की बच्ची चोरी मामले में आरोपी महिला ने खुलासा किया है। पूनम का कहना है कि खुद के बच्चे नहीं होने की वजह से उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। दरअसल, बच्ची की मां ने पानी पीने के लिए जाते समय दो मिनट के लिए मासूम को उसे सौंप दिया था।
पूनम अपनी बहन रुचि के साथ बच्ची को लेकर फरार हो गई थी। हालांकि, पुलिस ने पांच घंटे बाद ही ऑटो चालक व सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्ची को बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों इटावा की रहने वाली हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पूनम ने बताया कि वह परिवार के साथ खोड़ा कालोनी में रहती है। परिवार में पति राहुल व छोटी बहन रुचि है। पति नोएडा के एक बैंक में क्लर्क है।
शादी के चार साल बाद भी उसे बच्चा नहीं हुआ। मंगलवार को वह बहन के साथ खुद को दिखाने अस्पताल आई थी। वहां राजरानी अपनी बच्ची को लेकर बैठी थी। दोनों बहनें उसे खिलाने लगी। राजरानी को दोनों पर विश्वास हो गया। वह बच्ची उन्हें थमाकर पानी पीने चली गई। इसी बीच दोनों बच्ची को लेकर अपने घर आ गई।