राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शंकर रोड पर दो युवक जूस में रंग मिलाकर बेच रहे थे। ये देखकर लोगों ने उनकी पिटाई कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर को बुलाया। इसके बाद इंस्पेक्टर ने दुकान से नमूने लिए। वहीं, जूस में रंग मिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
इस संबंध में मध्य जिला पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन ने बताया कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। फूल सेफ्टी इंस्पेक्टर की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। राहुल व आयूब शंकर रोड पर जूस बेचते हैं। मंगलवार को कुछ व्यक्ति जूस पीने आए थे। उन्होंने देखा कि आरोपी अनार के जूस में रंग या केमिकल मिला रहे हैं।
उन्होंने इसका वीडियो बनाया और राहुल व आयूब की पिटाई कर दी। राहुल व आयूब ने बताया कि अनार के जूस का स्वाद बढ़ाने के लिए वह विशेष प्रकार का रंग मिलाते थे। फूड सेफ्टी विभाग ने मौके से रंग की बोतल जब्त की है। वहीं, पुलिस ने आयूब की मेडिकल जांच कराई है। आयूब ने पुलिस को पिटाई के संबंध में शिकायत दी है।
सुबह 10:30 बजे जूस में रंग मिलाकर बेचने की सूचना मिली। दुकान में प्रथमदृष्टया कुछ पदार्थ पाए जाने पर जांच अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा निरीक्षक को बुलाया और नमूने लिए। उनकी शिकायत के अनुसार कानूनी कार्रवाई होगी। दुकान आयूब के भाई की बताई जा रही है।
- एम. हर्षवर्धन, पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला