विवेक विहार के सूरजमल पार्क में 26 जनवरी की रात हुई सुरजीत सिंह (19) की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन नाबालिगों को पकड़कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल दो तमंचे और एक चाकू बरामद किया है। आरोपियों ने सुरजीत को चाकू मारने के दौरान दो राउंड हवा में गोलियां भी चलाई थीं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि सुरजीत और उसके गैंग के बाकी लोगों ने उनसे हुक्का लिया हुआ था। बार-बार मांगने पर भी वह न तो हुक्का दे रहे थे और न ही उसके रुपये। इस बात से नाराज होकर नाबालिगों के गैंग ने सुरजीत व उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। हमले में सुरजीत की चाकू लगने से मौत हो गई। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि 26 जनवरी की रात को सूरजमल पार्क में एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम हेडगेवार अस्पताल पहुंची तो वहां पता चला कि सुरजीत नामक युवक की मौत हो चुकी है। लोकल पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ की टीम ने भी मामले की छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि लड़कों के दो समूह में झगड़ा हुआ था। एक समूह ने दूसरे समूह पर हमला कर सुरजीत की हत्या की।
पुलिस ने उसके आधार पर मामले की जांच शुरू की। सीडीआर और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की। काफी पड़ताल के बाद पता चला कि आरोपी लड़के गाजियाबाद के अर्थला मेट्रो स्टेशन के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि सभी शाहदरा इलाके में रहते हैं। पुलिस इनके बाकी साथियों की तलाश कर रही है।