दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर टर्मिनल -थ्री के रनवे -29 पर शनिवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया जब एक कार्गो विमान का इंजन फट गया। इंजन का हिस्सा रनवे पर गिर गया और पहिया जैसा हिस्सा दीवार व पोल से टकरा गया। इससे सीआईएसएफ का जवान बाल-बाल बच गया।
इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी कर दिया गया था और काफी देर तक एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही बाधित रहीं। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले आईजीआई एयरपोर्ट पर रनवे नंबर 29 व 11 पर एंटी टेररिस्ट जेकिंग मॉक ड्रिल हुई थी। इसमें एनएसजी, सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस ने भाग लिया था।
आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसा शाम करीब सवा चार बजे हुआ। काम एयरवेज के कार्गो विमान को 4.04 बजे उड़ान भरनी थी। विमान को काबुल जाना था। विमान में पायलट समेत छह क्रू सदस्य थे। विमान ने टेकऑफ करने के लिए जैसे ही रनवे पर दौड़ना शुरू किया तो कूछ दूर जाकर जोरदार आवाज हुई और विमान का बाएं तरफ का इंजन फट गया था।