राजधानी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार चलाने का मामला सामने आया है। इस बात का खुलासा तब हुआ जब हरियाणा के हिसार के रहने वाले शख्स को दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से उनकी कार का ऑनलाइन चालान मिला। चालान में बताया गया कि उनकी कार सराय पीपल थला में लालबत्ती जंप की है। शख्स का दावा है कि जिस दिन व समय का चालान है, उस दिन उनकी कार घर पर थी।
पीड़ित शख्स ने हिसार स्थित थाना आजाद नगर में शिकायत दी। वहां की थाना पुलिस ने उनकी शिकायत पर जीरो एफआइआर दर्ज कर मामले को दिल्ली के महेंद्रा पार्क थाना को भेज दिया। महेंद्र पार्क थाना पुलिस फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। संजीव कुमार नवदीप कालोनी हिसार हरियाणा में रहते हैं।
संजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जुलाई को उन्हें उनकी बलेनो कार का चालान मिला। चालान में बताया गया कि 7 जून को उनकी कार ने दिल्ली के सराय पीपल थला इलाके में लालबत्ती जंप की है। संजीव का दावा है कि उस दिन कार उनके घर पर खड़ी थी। न ही वह दिल्ली गए और न ही किसी को अपनी कार दी। उन्होंने बताया कि जिस कार पर उनका नंबर प्लेट लगा हुआ है, वह भी बलेनो कार है और उनकी तरह ही है। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की। अब महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने 20 सितंबर को उनकी जीरो एफआईआर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।