दो सप्ताह पहले सेक्टर-11 से चुराई गई कार को एनआईटी दो में छोड़ कर चोर एक दूसरी कार पार कर ले गए। कार मालिक ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एनआईटी- दो निवासी मनीष गोस्वामी मारुती एस्टीम कार के मालिक हैं। शनिवार की शाम उन्होंने कार घर के बाहर खड़ी की थी। रविवार सुबह कार गायब मिली। घर से कुछ ही दूरी पर एक अन्य मारुती जेन कार लावारिस हालत में खड़ी मिली।
कार का बोनट खुला हुआ था और उसमें से बैटरी निकाली गई थी। गणतंत्र दिवस करीब होने की वजह से सजग लोगों ने लावारिस कार की सूचना पुलिस को दी।
जांच के बाद पता चला कि लावारिस कार दो सप्ताह पहले सेक्टर-11 से चोरी हुई थी। पुलिस का मानना है कि कार में खराबी आने पर चोर उसे यहीं छोड़ कर बाहर खड़ी मनीष गोस्वामी की कार लेकर फरार हो गए। चौकी-दो इंचार्ज ने बताया कि लावारिस कार के मालिक और मनीष की कार का पता लगाया जा रहा है।