फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली से लापता महिला मैनेजर की कार हिंडन बैराज पर मिली

Sun, 07 Jul 2019 06:47 AM IST
दुष्यंत शर्मा माई सिटी रिपोर्टर, साहिबाबाद
विज्ञापन
कोमल की तलाश में गोताखोर - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

दिल्ली से लापता ट्रेनिंग मैनेजर और भाकियू के राष्ट्रीय सचिव की बेटी की कार शनिवार सुबह हिंडन बैराज रोड पर नए पुल के पास खड़ी मिली। कार के अंदर सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने नहर में मैनेजर की तलाशी के लिए गोताखोरों को लगाया है। तलाशी के लिए हिंडन का पानी रुकवाया गया है। 

विज्ञापन


परिजनों ने नहर में कूदने की आशंका जताई है। परिजनों ने महिला के ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।   

ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास अनिल तालान परिवार के साथ रहते हैं। वह भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव हैं। उन्होंने अपनी बेटी कोमल (29) की शादी दिल्ली के पांडव नगर निवासी दिल्ली पुलिस के एएसआई के बेटे अभिषेक से अप्रैल 2018 में की थी। कोमल दिल्ली के बाराखंभा रोड पर एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में ट्रेनिंग मैनेजर हैं। 
विज्ञापन


शुक्रवार को कोमल ऑफिस नहीं पहुंची तो परिजनों ने बाराखंभा रोड थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार सुबह 10:30 बजे कोमल की स्कॉर्पियो कार लावारिस हालत में वसुंधरा सेक्टर एक स्थित हिंडन बैराज पर नए पुल के पास खड़ी मिली। नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। 

सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे इसके बाद कार की चाबी मंगाकर कार खोली गई। कार में महिला का बैग, दुपट्टा और एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट फोटोकॉपी किया हुआ है। जिसमें महिला ने ससुराल में परेशान किए जाने का जिक्र किया है।

परिजनों ने आशंका जताई कि महिला नहर में कूदी है। परिजनों ने महिला को नहर में तलाशने में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। 

पिता भाकियू से जुड़े होने पर स्थानीय भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर बैराज रोड, रेलवे अंडरपास और हिंडन ब्रिज के नीचे जाम लगा दिया।

जाम की सूचना पाकर एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट यशवर्धन श्रीवास्तव और सीओ साहिबाबाद मौके पर पहुंचे। सभी ने लोगों को समझाकर शांत कराया। 

लेकिन परिजन नहर में पानी रोकने, एनडीआरएफ को मौके पर बुलाकर तलाश कराने और ससुरालियों के घर दबिश देने की मांग की। अधिकारियों ने नहर में पानी रुकवाया और एक टीम को दिल्ली के लिए भेजा। इसके बाद लोगों ने जाम खोला। देर शाम तक महिला नहर में नहीं मिली। 

विज्ञापन

सुसाइड नोट किस दिन का, फोटो कॉपी के कारण स्पष्ट नहीं 

कार में मिला सुसाइड नोट फोटोकॉपी है। इसके चलते वह कब लिखा गया है इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हुई। सबसे नीचे कोमल के हस्ताक्षर भी परिजन अस्पष्ट मान रहे हैं। सुसाइड नोट में कोमल ने ससुराल में अपनी अनदेखी की बात लिखी है।

साथ ही दहेज मांगने का भी जिक्र किया है। लिखा है कि वह दुनिया छोड़कर जा रही है। उसके मरने के बाद ऑडी कार समेत अन्य सभी दहेज का सामान उसके पिता को लौटा दिया जाए। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 

अर्थला मेट्रो के पास शुक्रवार शाम मिली मोबाइल की आखिरी लोकेशन
पुलिस जांच में सामने आया है कि कोमल के मोबाइल की आखिरी लोकेशन अर्थला के पास शुक्रवार शाम 6:45 बजे मिली है। इसके बाद से मोबाइल बंद है। महिला की एसयूवी कार हिंडन नहर रोड पर कब से खड़ी थी इसकी किसी के पास जानकारी नहीं है।

वहीं कोमल के भाई का कहना है कि मां से शुक्रवार सुबह 10 बजे कोमल की आखिरी बार बात हुई थी। शुक्रवार शाम को महिला की गुमशुदगी कराने दोनों परिवार साथ ही दिल्ली के थाने गए थे। 

शादी में दिया था काफी दान दहेज
कोमल के भाई रजत ने बताया कि मूलरूप से वह अलीगढ़ के टप्पल के रहने वाले हैं। उनकी बहन की शादी 20 अप्रैल को अलीगढ़ के इगलास के जैथाली गांव निवासी युवक से हुई थी।

अभिषेक के पिता दिल्ली पुलिस में एएसआई हैं। दोनों ने एमबीए किया हुआ है। रजत ने बताया कि शादी में ऑडी कार, 51 लाख रुपये और 90 तोले सोना दिया था। इसके बावजूद परिजन दहेज की मांग कर बहन को परेशान कर रहे थे। 

परिजनों का आरोप, पुलिस नहीं कर रही सहयोग
कोमल के चाचा विजय तालान ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने जांच में लापरवाही बरती है। कार हिंडन नहर रोड पर मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला गाजियाबाद का बताया जबकि गाजियाबाद पुलिस कई घंटे तक मामला दिल्ली पुलिस का बताते हुए कार्रवाई करने को तैयार नहीं हुई।

मौके पर गोताखोरों की टीम को नहीं बुलाया गया। पानी रुकवाकर पुलिस को जल्द ही तलाश शुरू करानी थी, लेकिन छह घंटे बीतने के बाद भी गोताखोर नहीं आए। निजी गोताखोर ही तलाश में जुटे रहे। वही मौके पर पहुंचे परिजन रोते बिलखते रहे। कोमल का मां भाई और पिता का बुरा हाल रहा। 

महिला की तलाश हिंडन नहर में कराई जा रही है। महिला की गुमशुदगी दिल्ली में दर्ज है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। परिजनों की ओर से जो भी तहरीर दी जाएगी। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। एनडीआरएफ से मदद मांगी गई है। पति को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है।  
-श्लोक कुमार, एसपी सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें