दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। घायल पुलिसकर्मियों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक संभल यूपी निवासी पंकज यादव के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के वक्त दोनों पुलिसकर्मियों ने हेलमेट पहन रखा था।
आईजीआई ट्रैफिक सर्किल में तैनात हवलदार धर्मेंद्र (43) ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को वह एएसआई प्रीत सिंह (54) के साथ बाइक पर गश्त कर रहा था। वह बाइक चला रहा था। सीआईएसएफ नाका से 500 मीटर आगे तेजी से आ रही वैगनआर कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही प्रीत सिंह और धर्मेंद्र उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनकी बाइक घसीटती हुई काफी दूर चली गई। दुर्घटना के बाद चालक कार को रोककर घायलों को देखने के आया। उसी दौरान आसपास लोगों ने उसे पकड़ लिया।
उसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों ने घायल पुलिसकर्मियों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों पुलिसकर्मियों को कमर और सिर में गंभीर चोट लगी है।