गंगनहर की रेलिंग टूटी होने के कारण कार की टक्कर से दूसरी कार पिलर से टकराकर तीन बार पलटी खाते हुए 20 फिट गहरी गंगनहर में गिर गई।
कार में नोएडा के जगवीर, बलवीर, उनकी नानी किरणवती और चाची रजनी सवार थे, जिन्हें बचाने के लिए मसूरी के नफीस, फैजान और गुलफाम वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ दौड़ पड़े।
गेट लॉक होने की वजह से उन्होंने कार के शीशे तोड़कर परिवार को बचाया। यह घटना फिर साबित करती है कि धार्मिक असहिष्णुता से पब्लिक का कोई लेना देना नहीं।
हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। फैजान, नफीस और गुलफाम ने बताया कि गनीमत रही नहर में पानी नहीं था। कार सवार महिलाओं को चोट लगी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
पुलिस ने क्रेन से कार को बाहर निकलवाया। मसूरी पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। जगवीर नोएडा सेक्टर -40 के सदरपुर गांव के हैं, उन्होंने बताया कि गंगावली गांव में उनका साढ़ू रहता है।
साढ़ू की बेटी की मौत हो गई थी। वह परिवार के साथ सांत्वना देकर लौट रहे थे। इस दौरान पीछे से आई एक कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे उनकी कार गंगनहर में गिर गई। जगवीर ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ शिकायत की है।
छह नवंबर को यूसुफ- फय्याज ने बचाया था हर्षित को
छह नवंबर को अर्थला में एक कार में आग लग गई थी। कार सवार हर्षित को अर्थला के यूसुफ और फय्याज ने जान पर खेलकर जलती कार से बाहर निकाला था।