पटौदी-रेवाड़ी मार्ग पर मंगलवार की शाम गांव खेतियावास के निकट एक सेंट्रो कार बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें दो कार सवारों की मौत हो गई। एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल है ।
उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना का कारण कार के हैंडल का राड निकलना बताया गया है। इस कारण चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पेड़ से जा टकराई। कार पेड़ से टकराने के बाद खेत में पलट गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीण इकट्ठे हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार नानूं खुर्द गांव के तीन युवक एक सेंट्रो कार से रेवाडी़ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी रफ्तार में थी। इस बीच खेतियावास के निकट कार के हैंडल का राड बाहर आ गया। अचानक रॉड के बाहर निकलने से चालक कार पर संतुलन जमाए नहीं रख सका और सीधे पेड़ से जा टकराई और फिर खेत में जाकर पलट गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि पेड़ से कार के टकराने के कारण दूर तक आवाज सुनाई पड़ी। दुर्घटना में कार सवार दीपक पुत्र चंद्रभान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मबीर तथा सत्यवान को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। इलाज के दौरान कर्मबीर पुत्र नत्थू राम की भी मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका था। गंभीर रूप से घायल सत्यवान का इलाज चल रहा है।