थाना क्षेत्र के बाईपास पर एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरा गई। हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, तीसरे भाई ने रास्ते में और चौथे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे हुआ। एक ही परिवार के चार युवकों की मौत से कोहराम मच गया।
साबिर परिवार के साथ मोहल्ला चैनपुरा में रहते हैं। उनके भाई जहीर दादरी में रहते हैं। बताया गया कि जहीर के बेटे सलमान व साहिल शिकारपुर स्थित अपने पैतृक घर में चाचा साबिर के यहां बृहस्पतिवार को हुए थे। इस दौरान एक रिश्तेदार अपनी स्कार्पियो कार से उनके घर आया था।
सलमान व साहिल और साबिर के बेटे इम्तियाज व समीर रिश्तेदार की कार से घूमने के लिए निकल गए। शिकारपुर स्थित बाईपास पर उनकी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराते ही कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इम्तियाज व सलमान की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि साहिल व समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। साहिल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल समीर की शुक्रवार को दिल्ली स्थित अस्पताल में मौत हो गई। कोतवाली निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। चारों युवकों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है।
पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग तीनों भाइयों के शवों को लेकर दादरी चले गए। परिजनों के अनुसार, चौथे भाई के शव को भी दादरी ले जाया गया है। बताया गया कि इनका परिवार कारपेंटर का काम करता है। ये चारों भाई भी उसी व्यवसाय से जुड़े थे।